वेव सिटी पुलिस ने 1 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा

Sep 16, 2026 - 23:00
 0  10
वेव सिटी पुलिस ने 1 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा

संपूर्ण सिटी न्यूज़ आसिफ चौधरी

गाजियाबाद के थाना वेव सिटी क्षेत्र में फाइनेंस रिकवरी एजेंटों द्वारा एक बाइक सवार युवक को कथित तौर पर बंधक बनाकर उसके भाई से 1 लाख रुपये की मांग करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। 

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को वेव सिटी थाना क्षेत्र में लल कुआं चौकी इलाके में फाइनेंस रिकवरी एजेंटों ने एक बाइक को रोककर उसकी जांच की। इसी दौरान बाइक सवार युवकों और रिकवरी टीम के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि बाइक सवार युवकों में से एक ने रिकवरी एजेंटों पर अवैध हथियार तानकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा मौके से भाग गया। पकड़े गए युवक की पहचान अहिज उर्फ आदिल परवेज, निवासी बरेली, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई। उसके पास से .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

इसके बाद पकड़े गए युवक के भाई की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके भाई को रिकवरी एजेंट अपनी कार में बैठाकर कई घंटों तक घुमाते रहे और फोन कर 1 लाख रुपये देने की मांग की गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक रकम नहीं देने पर उसके भाई को पुलिस के हवाले करने की धमकी दी गई। इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई। शिकायत के आधार पर थाना वेव सिटी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। 

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करते हुए दीपक यादव, उम्र 29 वर्ष और रिंकू यादव, उम्र 24 वर्ष को गिरफ्तार किया। दोनों शाहपुर बम्हैटा, थाना वेव सिटी क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। 

पूछताछ में सामने आई घटना

पुलिस पूछताछ में आरोपी अहिज ने बताया कि 15 सितंबर को वह अपने साथी अमन अजमेरी के साथ बाइक से लल कुआं की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तीन युवक ब्लेनो कार से उतरे और उनकी बाइक को रोककर फाइनेंस की किस्त के संबंध में पूछताछ करने लगे। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोपी के मुताबिक उसके साथी अमन ने पिस्टल निकालकर सामने वालों पर तान दी। भीड़ जुटने पर दोनों बाइक छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान अहिज गिर गया और रिकवरी एजेंटों ने उसे पकड़ लिया। 

आरोप है कि इसके बाद रिकवरी एजेंटों ने अहिज को अपनी कार में बैठा लिया और उसके भाई को फोन कर एक लाख रुपये की मांग की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी दीपक और रिंकू ने भी स्वीकार किया कि अहिज को छोड़ने के बदले उसके भाई से एक लाख रुपये मांगे गए थे। कई घंटे तक अहिज को कार में घुमाने के बाद जब उसके भाई ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो उसे थाने लाया गया। 

गिरफ्तार आरोपी

अहिज उर्फ आदिल परवेज, उम्र 28 वर्ष, बरेली निवासी

दीपक यादव, उम्र 29 वर्ष, शाहपुर बम्हैटा, वेव सिटी

रिंकू यादव, उम्र 24 वर्ष, शाहपुर बम्हैटा, वेव सिटी 

आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक अहिज के खिलाफ थाना वेव सिटी में वर्तमान प्रकरण के अलावा बरेली जनपद के विभिन्न थानों में मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट से संबंधित छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दीपक और रिंकू के खिलाफ थाना वेव सिटी में एक-एक मुकदमा दर्ज बताया गया है। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी पुलिस द्वारा जुटाई जा रही है।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में थाना वेव सिटी पुलिस टीम द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sampoorn City News RNI-UPHIN/26/A3719 SAMPOORN CITY NEWS