ग्रेटर नोएडा के सहारा समतल में चला प्राधिकरण का बुलडोजर, तीन एकड़ जमीन कराई कब्जामुक्त
संपूर्ण सिटी न्यूज़ कंचन सिंह ब्यूरो नोएडा
अवैध रूप से बने कई मकान और प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानें ध्वस्त, 24 करोड़ रुपये आंकी गई जमीन की कीमत
छपरौला में सुबह 6:30 से 9:30 बजे तक चली कार्रवाई, विरोध के बावजूद प्राधिकरण ने पूरी की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा। अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जों और निर्माण के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने सोमवार सुबह छपरौला स्थित सहारा समतल में बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बनाए गए कई मकानों, प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों और जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से बनाई गई बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया। करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई में लगभग तीन एकड़ यानी 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्राधिकरण के आकलन के मुताबिक मुक्त कराई गई जमीन की कीमत करीब 24 करोड़ रुपये है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे प्राधिकरण का दस्ता जेसीबी और डंपरों के साथ मौके पर पहुंचा। टीम ने सुबह 9:30 बजे तक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से बनाए गए कई मकानों और प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों को ढहा दिया गया। इसके अलावा जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से बनाई गई बाउंड्रीवॉल को भी तोड़ दिया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर विरोध भी किया, लेकिन प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान जारी रखा और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी की।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि सहारा समतल क्षेत्र ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में आता है। यहां प्राधिकरण की अनुमति के बिना किसी भी तरह का निर्माण करना अवैध है। उन्होंने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और कब्जा करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एसीईओ ने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर उसकी पूरी जानकारी जरूर प्राप्त करें। अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत भूखंडों के झांसे में आकर अपनी जीवनभर की कमाई न फंसाएं।
सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परियोजना विभाग के सभी वर्क सर्किल को अभियान चलाकर अवैध निर्माण चिह्नित करने और उन्हें ध्वस्त करने की हिदायत दी है। इसी क्रम में प्राधिकरण की टीमें लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई कर रही हैं।
शाहबेरी में जर्जर मकान सील करने की प्रक्रिया
सहारा समतल में कार्रवाई पूरी करने के बाद प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-1 की टीम वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर के नेतृत्व में शाहबेरी पहुंची। यहां एक जर्जर मकान को सील करने की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस की मदद से सीलिंग की कार्रवाई को जल्द पूरा किया जाएगा।
सहारा समतल में हुई कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक (परियोजना) विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक नितीश कुमार, सहायक प्रबंधक भूपेंद्र त्यागी सहित बादलपुर कोतवाली के एसएचओ, चौकी प्रभारी विपिन कुमार और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्राधिकरण की टीम के साथ पुलिस बल ने पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0