नोएडा में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा, 4 गिरफ्तार; 12 चोरी की बाइक बरामद
संपूर्ण सिटी न्यूज़ आसिफ चौधरी
नोएडा। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से चोरी की गई 12 मोटरसाइकिलें, वारदात में इस्तेमाल एक वैगनार कार और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि 21 अगस्त 2026 को थाना सेक्टर-39 की टीम ने चारों आरोपियों को गोदरेज बिल्डिंग के पीछे स्टेलर ग्रीन पार्क जाने वाली सड़क से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि प्रताप, विमल शाक्य उर्फ सूर्या, प्रशांत सिंह और दीपांशु के रूप में हुई है।
ऐसे करते थे बाइक चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे वैगनार कार से नोएडा और आसपास के एनसीआर क्षेत्र, दिल्ली तथा हरियाणा में घूमकर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही बाइक चोरी कर उसे छिपा देते थे। इसके बाद जरूरत पड़ने पर मजबूरी का बहाना बनाकर लोगों को गुमराह करते हुए चोरी की मोटरसाइकिलें कम कीमत में बेच देते थे।
चारों आरोपियों पर कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ वाहन चोरी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें नोएडा के अलावा दिल्ली, चंडीगढ़ और गुरुग्राम के थानों में दर्ज मामले भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-39 में मु0अ0सं0 416/2026, धारा 317(2), 317(5), 3(5) बीएनएस तथा 4/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
12 मोटरसाइकिलें बरामद
बरामद वाहनों में टीवीएस, स्पेलेंडर, टीवीएस राइडर, टीवीएस स्पोर्ट्स और टीवीएस अपाचे जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं। बरामद वाहनों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के नंबर वाली बाइकें मिली हैं।
पुलिस ने इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल वैगनार कार (UP16NT7684) और दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी के कई मामलों के खुलासे की उम्मीद है। बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में संबंधित राज्यों और थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0