आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी: एडीएम वित्त एवं राजस्व
Anuj Gupta Sr Reporter
गौतमबुद्धनगर, 4 जुलाई 2026।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) पोर्टल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण, लंबित प्रकरणों, शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक, विभागवार प्रगति तथा जनपद की रैंकिंग की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए एडीएम वित्त एवं राजस्व ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी विभाग डिफाल्टर अथवा बॉटम-10 की श्रेणी में नहीं पहुंचना चाहिए तथा विभागीय रैंकिंग में निरंतर सुधार के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जुलाई माह में जिन विभागों का संतुष्ट फीडबैक 50 प्रतिशत से कम रहेगा, उन विभागाध्यक्षों का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक विभाग को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एवं शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित किए जाने का प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के बाद ही संबंधित विभागाध्यक्ष का वेतन जारी किया जाएगा।
एडीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यालय में प्रतिदिन आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा की जाए तथा लंबित एवं ‘सी’ श्रेणी की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों के निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता की उपस्थिति में स्थलीय निरीक्षण अवश्य किया जाए, जिससे वास्तविक तथ्यों के आधार पर स्थायी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।
बैठक के दौरान कृषि, श्रम, विद्युत, शिक्षा, जिला समाज कल्याण विभाग तथा दनकौर नगर पंचायत सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिन विभागों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाया गया, उन्हें विशेष अभियान चलाकर लंबित एवं ‘सी’ श्रेणी की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा आगामी समीक्षा बैठक तक उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से शिकायतकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आईजीआरएस पोर्टल पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें और जनपद की रैंकिंग में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करें।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, डिप्टी कलेक्टर चारुल यादव, सहायक आयुक्त स्टांप (द्वितीय) बृजेश कुमार, डिप्टी कमिश्नर (प्रशासन) राज्य कर विभाग अजीत कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग चंद सारस्वत सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0