नोएडा में पुलिस और मोबाइल स्नैचरों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश घायल; दो अन्य गिरफ्तार

Nov 22, 2026 - 00:26
 0  13
नोएडा में पुलिस और मोबाइल स्नैचरों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश घायल; दो अन्य गिरफ्तार

सम्पूर्ण सिटी न्यूज़ कंचन सिंह ब्यूरो नोएडा 

नोएडा। थाना सेक्टर-24 पुलिस और मोबाइल फोन चोरी व स्नैचिंग करने वाले बदमाशों के बीच 21 नवंबर 2026 को मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी और स्नैचिंग के कुल 31 मोबाइल फोन, ₹42,000 नकद, एक अवैध तमंचा, कारतूस, दो अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को थाना सेक्टर-24 पुलिस टीम प्रकाश हॉस्पिटल से गंदे नाले के पुल पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार रुकने के बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर आरटीओ कट, सेक्टर-33 की ओर भागने लगे।

संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इसी दौरान बदमाशों की मोटरसाइकिल हड़बड़ाहट में फिसलकर गिर गई। खुद को पुलिस से घिरता देख पीछे बैठे एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।

घायल बदमाश की पहचान नीरज पुत्र कैलाश, निवासी पप्पू कॉलोनी, साहिबाबाद, गाजियाबाद, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

वहीं, मोटरसाइकिल से फरार हुए उसके दो अन्य साथियों की तलाश में पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान हेमंत उर्फ सनी पुत्र अशोक, निवासी शहीद नगर, थाना शालीमार, गाजियाबाद, उम्र करीब 26 वर्ष और गोविंद सिंह उर्फ रिंकू पुत्र मनजीत, निवासी शहीद नगर, थाना शालीमार, गाजियाबाद, उम्र करीब 35 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी और मोबाइल स्नैचिंग के कुल 31 मोबाइल फोन, ₹42,000 नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान के संबंध में भी जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sampoorn City News RNI-UPHIN/26/A3719 SAMPOORN CITY NEWS