पत्नी और दो बेटियों पर चाकू से हमला, पत्नी व बड़ी बेटी की हत्या; आरोपी पति गिरफ्तार
गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र में पत्नी और बेटियों पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पत्नी और बड़ी बेटी की हत्या कर दी, जबकि छोटी बेटी पर भी जानलेवा हमला किया, लेकिन वह बचकर निकल गई। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को थाना खोड़ा में पीड़िता की ओर से तहरीर दी गई थी कि उसके पिता ने उसकी मां बेबी तबस्सुम और बड़ी बहन सना तबस्सुम पर चाकू से वार कर उनकी हत्या कर दी। आरोपी ने पीड़िता पर भी जान से मारने की नीयत से हमला किया, जिसमें वह घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल पीड़िता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और मामले में धारा 103(1)/109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई। मैनुअल इनपुट और सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी मोहम्मद राजा अंसारी (48 वर्ष) को इंदिरापुरम अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आई वारदात की कहानी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2002 से दिल्ली के मछली मंडी, गाजीपुर में मछली की दुकान पर मुंशी का काम करता है और करीब 34 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन प्राप्त करता है। आरोपी के मुताबिक वह करीब तीन वर्षों से खोड़ा कॉलोनी स्थित फ्लैट में अपनी पत्नी बेबी तबस्सुम और दो बेटियों के साथ रह रहा था।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी से आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता था। इसी से परेशान होकर उसने पत्नी और दोनों बेटियों की हत्या कर खुद जेल जाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 21/22 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे आरोपी ने गद्दे के नीचे छिपाकर रखी छुरी निकाली और पत्नी की गर्दन पर वार कर दिया। शोर सुनकर दोनों बेटियां कमरे में पहुंचीं। आरोपी ने पत्नी पर दोबारा हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद बड़ी बेटी सना तबस्सुम को पकड़कर उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया।
आरोपी ने छोटी बेटी रुबी तबस्सुम उर्फ जोया पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह बचकर नीचे भाग गई। आरोपी उसके पीछे चाकू लेकर गया, लेकिन उसे पकड़ नहीं सका। इसके बाद उसने वारदात में इस्तेमाल छुरी को इंदिरापुरम अंडरपास के पास खाली मैदान में छिपा दिया और फरार होकर छिपता रहा।
आरोपी की निशानदेही पर चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
मोहम्मद राजा अंसारी पुत्र नसीम अंसारी, निवासी गली नंबर-3, लोकप्रिय विहार, थाना खोड़ा, गाजियाबाद, उम्र करीब 48 वर्ष।
बरामदगी:
- घटना में प्रयुक्त चाकू।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना खोड़ा में इस घटना के संबंध में एक मुकदमा दर्ज है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम: थाना खोड़ा पुलिस टीम।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0