गाजियाबाद पुलिस की प्रभावी पैरवी से 69 दोषियों को उम्रकैद और लंबी सजा, पुलिस आयुक्त ने अभियोजन अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
Sampoorn City News Bureau Report Ghaziabad Hemant Gupta
ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत अपराधियों को सजा दिलाने में गाजियाबाद कमिश्नरेट की बड़ी कामयाबी, 39 दोषियों को आजीवन कारावास, 13 को 20 वर्ष और 17 को 10 वर्ष या उससे अधिक की सजा
गाजियाबाद। कमिश्नरेट गाजियाबाद में अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और न्यायालय में मजबूत पैरवी के चलते गंभीर एवं महिला संबंधी अपराधों में बड़ी सफलता हासिल हुई है। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुलिस और अभियोजन विभाग के बेहतर समन्वय से वर्ष 2026 में विभिन्न मामलों में दोषियों को कड़ी सजा दिलाई गई है। इस उपलब्धि पर पुलिस आयुक्त महोदय ने अभियोजन अधिकारियों, कन्विक्शन सेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा थानों में तैनात कोर्ट पैरोकारों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
पुलिस के अनुसार, कमिश्नरेट गाजियाबाद में पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराधियों को माननीय न्यायालय से अधिक से अधिक सजा दिलाने के उद्देश्य से 1 जुलाई 2025 को 'कन्विक्शन सेल' का गठन किया गया था। इस सेल का मुख्य उद्देश्य गंभीर, जघन्य एवं महिला संबंधी अपराधों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करना और दोषियों को कानून के तहत कठोर सजा दिलाना है।
कन्विक्शन सेल द्वारा अभियोजन अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर न्यायालय में मजबूत साक्ष्य, तथ्यों और प्रभावी पैरवी के माध्यम से मामलों को मजबूती से प्रस्तुत किया जा रहा है। शासन की मंशा के अनुरूप अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करते हुए महिला संबंधी एवं गंभीर श्रेणी के अभियोगों में बड़ी सफलता प्राप्त की गई है।
39 दोषियों को आजीवन कारावास, 13 को 20 साल की सजा
पुलिस के मुताबिक, प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप विभिन्न गंभीर एवं महिला संबंधी अपराधों में कुल 69 दोषियों को कठोर सजा दिलाई गई है। इनमें 39 दोषियों को आजीवन कारावास, 13 दोषियों को 20 वर्ष के कारावास तथा 17 दोषियों को 10 वर्ष अथवा उससे अधिक के कारावास की सजा सुनाई गई है।
इस उपलब्धि में लोक अभियोजकों, विशेष लोक अभियोजकों, सहायक जिला शासकीय अधिवक्ताओं, कन्विक्शन सेल के अधिकारियों-कर्मचारियों और विभिन्न थानों के कोर्ट पैरोकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इन अधिकारियों और कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
वर्ष 2026 में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों में जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) श्री राजेश चंद्र शर्मा, वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी श्री अखिलेश कुमार, एडीजीसी श्री गिरधारी सिंह भाटी, श्री किरणपाल, श्री आदेश त्यागी, श्री सुनीश कौशिक, विशेष लोक अभियोजक पॉक्सो श्री सतीश कुमार शर्मा, श्री हरीश कुमार और श्री उत्कर्ष वत्स, एडीजीसी श्री नितिन शर्मा, श्रीमती नंदना गौतम एवं श्री रवि शर्मा शामिल हैं।
इसके अलावा कन्विक्शन सेल के प्रभारी डॉ. नीरज सिंह तोमर, मुख्य आरक्षी सत कुमार, उषा, प्रवेश पाल, रेनू और आरक्षी प्रताप सिंह को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
विभिन्न थानों के कोर्ट पैरोकारों में थाना कविनगर से मुख्य आरक्षी रजनीत कौर, थाना टीला मोड़ से मुख्य आरक्षी विपिन कुमार, थाना विजय नगर से मुख्य आरक्षी सतेंद्र कुमार, थाना मसूरी से मुख्य आरक्षी अनुज त्यागी, थाना लोनी से आरक्षी सौरभ कुमार, थाना मुरादनगर से आरक्षी अरुण कुमार, थाना इंदिरापुरम से आरक्षी नीरज कुमार तथा थाना मोदी नगर से आरक्षी सोनिया को प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।
पुलिस आयुक्त ने बढ़ाया अधिकारियों का उत्साह
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त महोदय ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि अपराधियों को न्यायालय से सजा दिलाने में मजबूत विवेचना, साक्ष्यों का उचित संकलन और प्रभावी न्यायालयीन पैरवी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी निष्ठा, मेहनत और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
गाजियाबाद पुलिस की इस कार्रवाई को गंभीर अपराधों में दोषियों को सजा दिलाने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0