फार्म हाउस गैंगरेप मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग से जांच की मांग, किसान मोर्चा ने फार्म हाउसों की भूमिका पर उठाए सवाल

Sep 26, 2026 - 20:41
 0  3
फार्म हाउस गैंगरेप मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग से जांच की मांग, किसान मोर्चा ने फार्म हाउसों की भूमिका पर उठाए सवाल

संपूर्ण सिटी न्यूज़ मास्टर अब्दुल पत्रकार हसनपुर अमरोहा 

अमरोहा। जिले के हसनपुर क्षेत्र स्थित एक विधायक के चर्चित फार्म हाउस में हरियाणा की 24 वर्षीय युवती के साथ हुई कथित सामूहिक बलात्कार की घटना से क्षेत्र में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया है। इस गंभीर प्रकरण को लेकर भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) ने राष्ट्रीय महिला आयोग और उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र भेजकर मामले का स्वतः संज्ञान लेने और समयबद्ध निष्पक्ष जांच कराने की पुरजोर मांग की है।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी की अध्यक्षता में ग्राम पौसरा में आयोजित किसान पंचायत में इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की गई। पंचायत को संबोधित करते हुए नरेश चौधरी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और अधिकारों के साथ किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने क्षेत्र में कुकुरमुत्ते की तरह उग आए हाईटेक फार्म हाउसों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि ऊंची दीवारों, कैमरों और पहरेदारी से घिरे इन स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों का होना चिंताजनक है। विधायक के फार्म हाउस में घटी इस वारदात के बाद केयरटेकर व चौकीदार पर जिम्मेदारी डालकर अनभिज्ञता जताने को उन्होंने आश्चर्यजनक बताया और मांग की कि जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही और फार्म हाउस के सुरक्षा चक्र के सभी पहलुओं को जांच के दायरे में लाया जाए।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया राहतकर और उत्तर प्रदेश डीजीपी को भेजे गए प्रार्थना पत्र में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई, फॉरेंसिक साक्ष्यों के तत्काल संरक्षण तथा घटना में शामिल सहयोगियों या किसी भी अन्य व्यक्ति की भूमिका की विस्तृत जांच सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। इसके अतिरिक्त दोषी पाए जाने वाले पुलिस या प्रशासनिक कर्मियों के विरुद्ध त्वरित विभागीय कार्रवाई करने तथा पीड़िता और उसके परिवार को त्वरित चिकित्सकीय, कानूनी, मनोवैज्ञानिक, सुरक्षा सहायता एवं नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की मांग की गई है। संगठन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-9, राज्य मार्ग-51 और आसपास के संपर्क मार्गों पर संचालित ऐसे सभी फार्म हाउसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

इस अवसर पर 21 लोगों की ग्राम कार्यकारिणी घोषित कर मुन्त्याज़ चौधरी को ग्राम अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। किसान पंचायत में राष्ट्रीय मुख्य सचिव अरुण सिद्दू, प्रदेश अध्यक्ष इकबाल सैफी, जिला संरक्षक चौधरी चरणसिंह तथा जिला प्रभारी जगदेव सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sampoorn City News RNI-UPHIN/26/A3719 SAMPOORN CITY NEWS