नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी, 50 लाख से अधिक कीमत के 225 मोबाइल फोन बरामद
नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। CEIR/सर्विलांस/सीसीटीएनएस सेल नोएडा एवं थाना सेक्टर-39 नोएडा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 225 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त नोएडा तथा अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा के कुशल पर्यवेक्षण में CEIR/सर्विलांस/सीसीटीएनएस सेल नोएडा और थाना सेक्टर-39 पुलिस द्वारा गुम हुए मोबाइल फोन की शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस टीम ने सर्विलांस तकनीक और CEIR पोर्टल की मदद से अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय पाए गए मोबाइल फोन को ट्रेस किया।
बरामद किए गए मोबाइल फोन उन लोगों के थे, जिन्होंने भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, ऑटो-बसों में सफर के दौरान, यात्रा करते समय, कार्यालय में काम करने के दौरान, सार्वजनिक पार्कों में, शादी समारोहों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य स्थानों पर अपने मोबाइल फोन गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस द्वारा ट्रेस किए गए मोबाइल फोन में ऐसे फोन भी शामिल हैं, जो भीड़-भाड़ वाले बाजारों में सामान खरीदते समय नीचे गिर गए थे, यात्रा के दौरान ऑटो/ट्रेन/बस में छूट गए थे, बाइक चलाते समय डिलेवरी बॉय के बैग या पाजामा में रखे होने के दौरान गिर गए थे तथा ई-रिक्शा में यात्रा करते समय भी छूट गए थे।
इसके अलावा कुछ मोबाइल फोन खेतों में काम करने वाले लोगों के काम समाप्त करने के बाद घर जाते समय, सार्वजनिक पार्कों में खेलने अथवा व्यायाम करने के दौरान, शादी समारोहों में नृत्य करते समय, सार्वजनिक बारात घरों में कार्यक्रम के बाद, शराब के नशे में गिर जाने अथवा बड़े आयोजनों में अत्यधिक भीड़ के कारण गुम हुए थे। कुछ मोबाइल फोन मंदिर, मस्जिद, चर्च एवं गुरुद्वारों में भी छूट गए थे, जबकि कुछ फोन बच्चों द्वारा गेम खेलते समय कहीं छोड़ दिए गए थे।
पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से इन मोबाइल फोन को खोजकर उनके वास्तविक स्वामियों की पहचान की और आज दिनांक 24 अगस्त 2026 को 225 मोबाइल फोन उनके मालिकों को सुपुर्द कर दिए। मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों ने नोएडा पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
1. प्रभारी निरीक्षक धर्मप्रकाश शुक्ल, थाना सेक्टर-39 नोएडा
2. उ0नि0 शरदकान्त, प्रभारी सर्विलांस सेल नोएडा
3. उ0नि0 कपिल चौधरी, थाना सेक्टर-39 नोएडा
4. कम्प्यूटर ऑपरेटर धर्मेन्द्र कुमार सिंह, जोनल को-ऑर्डिनेटर सीसीटीएनएस सेल नोएडा
5. म0हे0का0 1647 रीतू, CEIR/सर्विलांस सेल नोएडा
6. म0हे0का0 1599 कविता, CEIR/सर्विलांस सेल नोएडा
नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई से बड़ी संख्या में लोगों को उनके गुम हुए कीमती मोबाइल फोन वापस मिल सके हैं। पुलिस का कहना है कि CEIR पोर्टल एवं सर्विलांस के माध्यम से गुम मोबाइल फोन की तलाश का अभियान लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0