जीएसटी अधिकारी बनकर 29 लाख रुपये ठगने वाले गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद
ब्यूरो रिपोर्ट : अनुज गुप्ता
नोएडा। थाना बिसरख पुलिस ने जीएसटी अधिकारी बनकर एक जीएसटी कंसल्टेंट से 29 लाख रुपये ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24.50 लाख रुपये नकद तथा 4.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर कुल 29 लाख रुपये की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की है।
पुलिस के अनुसार घटना 20 जुलाई 2026 की है। जीएसटी कंसल्टेंट अपनी आवासीय सोसायटी से कार द्वारा निकले थे। एस एस्पायर सोसायटी के पास कार सवार लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली और खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर गाड़ी में बैठ गए। आरोपियों ने दो फर्मों के फर्जी ई-वे बिल सत्यापन के नाम पर कार्रवाई की धमकी दी और ब्लैकमेल कर 29 लाख रुपये नकद वसूल लिए। पीड़ित की शिकायत पर थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज किया गया था।
थाना बिसरख पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से जलपुरा रोड स्थित स्कॉन मंदिर के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कशिश चौहान उर्फ ईशू, राजेश पवार, विवेक शर्मा, अंकित शाही और अंशुल के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी कशिश चौहान और पीड़ित वर्ष 2021 से परिचित थे। कशिश ने पूछताछ में बताया कि उन्हें पीड़ित के जीएसटी कार्यों की जानकारी थी और उसी का फायदा उठाकर धन उगाही की योजना बनाई गई। घटना वाले दिन आरोपियों ने पीड़ित को घंटों उसकी ही कार में घुमाया और जेल भेजने की धमकी देकर रकम मंगवाई। पैसा मिलने के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो कारें, सात मोबाइल फोन, पुलिस सब-इंस्पेक्टर की वर्दी तथा दिल्ली सिविल डिफेंस की वर्दी, बेल्ट और अन्य सामग्री भी बरामद की है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गिरफ्तार आरोपियों में कोई भी पुलिसकर्मी नहीं है। जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी कशिश चौहान दिल्ली में डीसीपीओ (ड्राइवर कम पम्प ऑपरेटर) के पद पर कार्यरत है, जबकि अन्य आरोपी विभिन्न निजी कार्यों से जुड़े हुए हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
थाना बिसरख पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि पुलिस ने न केवल गिरोह का भंडाफोड़ किया बल्कि ठगी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0