जलभराव और गंदगी से परेशान ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन आठ साल से समस्या जस की तस
नरकीय जीवन जीने को मजबूर है भिरावटी के ग्रामीण
ब्यूरो रिपोर्ट संभल संपूर्ण सिटी न्यूज़
संवाददाता मनोज यादव
रजपुरा विकासखंड के गांव भिरावटी में जलभराव, कीचड़ और गंदगी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सफाई व्यवस्था बदहाल होने के कारण रास्तों पर गंदा पानी जमा है और लंबे समय से सड़ रहा है। इससे भीषण दुर्गंध उठ रही है और संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। गुस्साए ग्रामीणों ने कीचड़ भरे रास्ते से गुजरते हुए विरोध जताया और प्रशासन से समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव भिरावटी के मजरा मलूआ के घेर को जाने वाले मुख्य मार्ग पर पिछले करीब आठ वर्षों से जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों और बच्चों को मजबूरी में इसी गंदे और कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से शिकायत के बावजूद जिम्मेदार समस्या का स्थायी समाधान नहीं करा रहे हैं। गंदगी और जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है। ग्रामीणों ने गंदगी के कारण डेंगू से दो लोगों की मौत होने का भी दावा किया है। प्रदर्शन करने वालों में अनिल कुमार, नेमवेश, रक्षपाल सिंह, विवेक कुमार, कपिल कुमार, मोहरकली आदि ग्रामीण शामिल रहे। जल्द कराया जाएगा समाधान खंड विकास अधिकारी डॉ. आदेश कुमार ने बताया कि समस्या को क्षेत्र पंचायत की कार्ययोजना में शामिल किया गया है। जल्द ही कार्य कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0