ज्वाइंट फोरम ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजिस्ट (उत्तर प्रदेश) ने किया जिला गाजियाबाद में नवनियुक्त मुख्य चिकित्साधिकारी का स्वागत

Jul 5, 2026 - 13:42
 0  6
ज्वाइंट फोरम ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजिस्ट (उत्तर प्रदेश) ने किया जिला गाजियाबाद में नवनियुक्त मुख्य चिकित्साधिकारी का स्वागत

गाजियाबाद, 4 जुलाई 2026।
ज्वाइंट फोरम ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजिस्ट (उत्तर प्रदेश) इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को गाजियाबाद के नवनियुक्त मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सचिन चंद्र वैश्य का पुष्पगुच्छ एवं मिठाई भेंट कर स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष श्री घनश्याम सिंह कम्बोज, प्रदेश महासचिव श्री इक़बाल खां तथा गाजियाबाद जिला उपाध्यक्ष श्री अजीत कुमार उपाध्याय प्रमुख रूप से शामिल रहे।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं एवं मेडिकल लैब संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर मुख्य चिकित्साधिकारी से विस्तार से चर्चा की तथा जनहित में आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

प्रदेश अध्यक्ष श्री घनश्याम सिंह कम्बोज ने मांग रखी कि सैंपल कलेक्शन सेंटर संचालित करने का अधिकार केवल योग्य एवं प्रशिक्षित मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट को ही दिया जाए तथा अन्य गैर-तकनीकी व्यक्तियों द्वारा ऐसे केंद्रों के संचालन पर रोक लगाई जाए। उन्होंने बिना पंजीकरण एवं बिना योग्य मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट के संचालित हो रही मेडिकल लैब्स के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की भी मांग की। साथ ही कॉर्पोरेट लैब्स द्वारा गैर-तकनीकी व्यक्तियों को सैंपल कलेक्शन सेंटर संचालित करने की अनुमति देने की व्यवस्था पर रोक लगाने का आग्रह किया।

प्रदेश महासचिव श्री इक़बाल खां ने मुख्य चिकित्साधिकारी से अनुरोध किया कि आम नागरिकों को प्रिंट मीडिया एवं अन्य माध्यमों से जागरूक किया जाए कि किसी भी लैब में जांच कराने से पहले यह सुनिश्चित करें कि संबंधित लैब मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में विधिवत पंजीकृत है। उन्होंने यह भी मांग की कि कॉर्पोरेट लैब्स द्वारा ऑनलाइन माध्यम से गैर-तकनीकी कर्मचारियों से सैंपल कलेक्शन कराने की व्यवस्था पर रोक लगाई जाए, जिससे जांच की गुणवत्ता एवं मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर ज्वाइंट फोरम ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजिस्ट (उत्तर प्रदेश) के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सचिन चंद्र वैश्य ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को जनहित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा बताते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रस्तुत सभी बिंदुओं पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले के नागरिकों को बेहतर एवं विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

— इक़बाल खां
महासचिव
जेएफएमएलटी इंडिया (उत्तर प्रदेश)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sampoorn City News RNI-UPHIN/26/A3719 SAMPOORN CITY NEWS