11 से 13 अगस्त तक ग्रेटर नोएडा में होगा इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026, तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा

Aug 6, 2026 - 18:59
 0  2
11 से 13 अगस्त तक ग्रेटर नोएडा में होगा इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026, तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा

गौतमबुद्धनगर। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 11 से 13 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 तथा प्रस्तावित वीवीआईपी मूवमेंट की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, चिकित्सा, विद्युत, पेयजल, अग्निशमन और अतिथि प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में उद्योग जगत के विशेषज्ञ, निवेशक, नीति-निर्माता, प्रतिनिधि और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की और पूरी तरह सुव्यवस्थित होनी चाहिए।

बैठक में अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग, वीवीआईपी मूवमेंट, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने देने के निर्देश दिए।

तीन दिनों तक होंगे तकनीकी सत्र और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी

बैठक में बताया गया कि एक्सपो के पहले दिन प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा तथा बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न तकनीकी और नीतिगत विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।

12 अगस्त को सम्मेलन के दूसरे दिन सीईओ राउंडटेबल, राज्य सरकारों के विशेष सत्र, निवेश एवं उद्योग सहयोग, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG), एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF), वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, कार्बन मार्केट और नवीन तकनीकों पर विशेषज्ञों के बीच विस्तृत चर्चा होगी। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में अत्याधुनिक तकनीकों और नवाचारों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

समापन दिवस पर भविष्य की कार्ययोजना, निवेश साझेदारी, उद्योग-सरकार समन्वय तथा बायोएनर्जी क्षेत्र में नई संभावनाओं पर चर्चा होगी। सम्मेलन के निष्कर्ष और सुझाव भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में स्वच्छ ऊर्जा और बायोएनर्जी क्षेत्र को नई दिशा मिल सके।

15 हजार से अधिक आगंतुकों के पहुंचने की संभावना

बैठक में जानकारी दी गई कि इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (IFGE) और एमएम एक्टिव साई-टेक कम्युनिकेशंस द्वारा उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (UPNEDA) के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का विषय "लो कार्बन वर्ल्ड के लिए बायोएनर्जी समाधानों को आगे बढ़ाना" रखा गया है।

आयोजकों के अनुसार एक्सपो में 25 से अधिक सम्मेलन सत्र, 120 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ता, 150 से अधिक प्रदर्शक, 1,000 से अधिक प्रतिनिधि तथा 15,000 से अधिक व्यावसायिक आगंतुक शामिल होने की संभावना है।

सम्मेलन के दौरान ग्रीन हाइड्रोजन, सीबीजी, एथेनॉल, बायोडीजल, एसएएफ, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, बायो-मोबिलिटी, कार्बन मार्केट और कार्बन कैप्चर, यूटिलाइजेशन एंड स्टोरेज (CCUS) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।

समीक्षा बैठक में यूपीनेडा के निदेशक रविंद्र सिंह, इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (IFGE) के डायरेक्टर जनरल संजय गंजू, एडिशनल पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sampoorn City News RNI-UPHIN/26/A3719 SAMPOORN CITY NEWS