स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दादरी रेलवे स्टेशन पर चला सघन सुरक्षा चेकिंग अभियान
Bureau Report Rohit Nagar
ग्रेटर नोएडा। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार डीसीपी/एडीसीपी ग्रेटर नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी द्वितीय ग्रेटर नोएडा श्रीमती प्रशाली गंगवार एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त श्री गुलजार सिंह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस बल, आरपीएफ और जीआरपी स्टाफ ने दादरी रेलवे स्टेशन पर सघन सुरक्षा चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने फुट पेट्रोलिंग करते हुए दादरी रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, मेन हॉल, प्लेटफार्म एरिया, बुकिंग एरिया और यार्ड एरिया सहित विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा अभियान के दौरान रेलवे यात्रियों को भी जागरूक किया गया। यात्रियों से अपील की गई कि यदि उन्हें स्टेशन परिसर या ट्रेन में कोई संदिग्ध व्यक्ति, सामान अथवा वस्तु दिखाई दे तो तत्काल आरपीएफ/जीआरपी को इसकी सूचना दें। साथ ही रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में भी यात्रियों को जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस, आरपीएफ एवं जीआरपी कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने और स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी बनाए रखने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सार्वजनिक स्थानों और रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार चेकिंग एवं निगरानी अभियान जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0