सेंट्रल नोएडा जोन के थानों के कार्यालयी कार्यों की डीसीपी ने की समीक्षा, पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सम्पूर्ण सिटी न्यूज़ अनुज नागर ब्यूरो नोएडा
गौतमबुद्धनगर। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह एवं एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह द्वारा सेंट्रल नोएडा जोन के समस्त थानों के कार्यालयों में तैनात उपनिरीक्षकों एवं कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी के दौरान थानों में संपादित किए जाने वाले अभिलेखीय एवं कार्यालयी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने थानों की कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता एवं अनुशासन के साथ करने के लिए निर्देशित किया गया।
आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का प्रभावी समाधान किया जाए।
न्यायालय संबंधी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
माननीय न्यायालयों से संबंधित रिट, विभिन्न पत्रावलियों एवं अन्य प्रकरणों पर समय से प्रभावी कार्रवाई करने तथा संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए। न्यायालय से प्राप्त पत्रों एवं आदेशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की देरी न होने देने पर विशेष जोर दिया गया।
महिला सुरक्षा एवं महिला अपराधों को प्राथमिकता
गोष्ठी में महिला सुरक्षा से संबंधित शिकायतों एवं प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता, तत्परता एवं प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पीड़िताओं को समय से न्याय एवं आवश्यक सहायता मिल सके।
अभिलेखों और मालखाने के रखरखाव की समीक्षा
इसके अतिरिक्त थानों में रखे जाने वाले विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों का नियमित रूप से अद्यावधिक रखरखाव करने, माल मुकदमाती एवं मालखाने से संबंधित कार्यों का उचित प्रबंधन करने तथा सभी कार्यालयी प्रक्रियाओं को निर्धारित नियमों के अनुरूप संपादित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने जनशिकायतों एवं प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ-साथ कार्यालयी कार्यों में जवाबदेही बनाए रखने पर भी बल दिया।
लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई
गोष्ठी के अंत में डीसीपी एवं एडीसीपी द्वारा सभी उपनिरीक्षकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी, सतर्कता एवं अनुशासन के साथ करें। शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि थानों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने, अभिलेखों के उचित रखरखाव तथा जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए सभी संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0