संभल। गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर संभल पुलिस अलर्ट, एसपी ने चन्दौसी में गणेश रथयात्रा मार्ग का किया निरीक्षण
Bureau Report Sambhal Sampoorn City News Tarun Goyal
संभल। गणेश चतुर्थी पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संभल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक संभल विकास चंद्र त्रिपाठी ने कस्बा चन्दौसी में गणेश रथयात्रा के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी ने रथयात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा पुलिस बल की तैनाती से संबंधित तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने रथयात्रा मार्ग पर संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गणेश चतुर्थी एवं गणेश रथयात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से रथयात्रा के संबंध में की गई तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।
संभल पुलिस ने लोगों से भी पर्व के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0