गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

Aug 15, 2026 - 12:11
 0  5
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

रिपोर्ट: मीनाक्षी गोयल | सम्पूर्ण सिटी न्यूज

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिस लाइन्स में किया ध्वजारोहण, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

गौतमबुद्धनगर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन्स गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण में अपना सर्वोच्च योगदान देने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करते हुए देश की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं साहसिक सेवाओं के लिए कमिश्नरेट के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से विभिन्न सम्मान चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह उ0नि0 ना0पु0 राकेश यादव, थाना बीटा-2 को तथा सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह निरीक्षक ना0पु0 उमेश चन्द नैथानी, प्रभारी मीडिया सेल/आईजीआरएस सेल को प्रदान किया गया।

शौर्य के आधार पर मुख्य आरक्षी ना0पु0 रवि कुमार को स्वर्ण प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया गया। वहीं सेवाभिलेख एवं शौर्य के आधार पर कई पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रजत प्रशंसा चिन्ह प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर भावपूर्ण सम्मान किया गया। ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पांच शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों—स्व. तीरथपाल सिंह की पत्नी श्रीमती मधु तोमर, स्व. रोहित यादव की पत्नी श्रीमती आयुषी चौधरी, निरीक्षक स्व. सुबोध कुमार सिंह की पत्नी श्रीमती रजनी, हेड कांस्टेबल स्व. बिजेन्द्र कुमार की पत्नी श्रीमती मिथलेश तथा कांस्टेबल स्व. सुनील भाटी की पत्नी श्रीमती मुनेश कुमारी—को पुलिस कमिश्नर द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस दौरान उन्हें आश्वस्त किया गया कि प्रत्येक परिस्थिति में पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा रहेगा।

पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण योगदान एवं सहयोग के लिए चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-108 में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र तथा कमिश्नरेट मुख्यालय, सूरजपुर में पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त (लाइन्स) डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) श्रीमती सुनीति, पुलिस उपायुक्त (नोएडा) श्री साद मियां खान, पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) श्री रवि शंकर निम, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) श्रीमती शैव्या गोयल, अपर पुलिस उपायुक्त श्री आर.के. गौतम सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

समारोह के समापन पर उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं जनसमूह को मिष्ठान वितरित किया गया तथा सूक्ष्म जलपान के लिए आमंत्रित किया गया।

इसके साथ ही कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के सभी थानों एवं कार्यालयों में भी 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित किए गए। सभी थानों पर सलामी के साथ राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का गायन हुआ। थाना प्रभारियों ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा देश को और सुदृढ़ बनाने में अपना सर्वोच्च योगदान देने की शपथ दिलाई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sampoorn City News RNI-UPHIN/26/A3719 SAMPOORN CITY NEWS