राष्ट्र निर्माण विरासत में नहीं मिलता, हर पीढ़ी को अपना योगदान देना होता है : एसीईओ

Aug 15, 2026 - 12:16
 0  3
1 / 1

1.

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण समारोह, स्कूली छात्रों ने देशभक्ति प्रस्तुतियों से बांधा समां

रिपोर्ट: मीनाक्षी गोयल | सम्पूर्ण सिटी न्यूज

ग्रेटर नोएडा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रांगण में भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के बाद सभागार में संबोधन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि आजादी हमें विरासत में मिली है, लेकिन राष्ट्र का निर्माण विरासत में नहीं मिलता। इसके लिए हर पीढ़ी को अपने हिस्से का कार्य करना होता है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण केवल शहर नहीं बनाते, बल्कि उनके कार्यों का प्रभाव आने वाली पीढ़ियों तक रहता है।

उन्होंने कहा कि आज बनाई जाने वाली सड़कें आने वाली पीढ़ियां इस्तेमाल करेंगी। उद्योगों के लिए जमीन उपलब्ध कराने से केवल फैक्ट्रियां स्थापित नहीं होतीं, बल्कि रोजगार के अवसर पैदा होते हैं। इसी तरह आवासीय सेक्टरों में सिर्फ भवन नहीं बनते, बल्कि परिवार बसते हैं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की प्रत्येक फाइल के पीछे किसी व्यक्ति का रोजगार, किसी का सपना और किसी परिवार का भविष्य जुड़ा हो सकता है।

एसीईओ ने कहा कि किसी भी संस्था को बेहतर बनाने के लिए अनुभव और तकनीक के बीच तालमेल जरूरी है और प्राधिकरण के पास इन दोनों का बेहतर संयोजन मौजूद है। उन्होंने ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही को प्रत्येक जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए आवश्यक बताया।

उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान केवल उसे सलामी देने में नहीं, बल्कि हमें जो भी जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाने में है।

इस अवसर पर एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि सभी को आजादी के महत्व और उसकी कीमत को समझना चाहिए। स्वतंत्रता सेनानियों ने लंबे संघर्ष के बाद देश को आजादी दिलाई है और अब आजाद भारत को आगे बढ़ाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के सामने भी कई चुनौतियां हैं और इनसे निपटने के लिए प्रत्येक कर्मचारी को टीम भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।

ओएसडी अभिषेक पाठक ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया। वहीं ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने कविता के माध्यम से देश के सामने मौजूद चुनौतियों को रेखांकित किया।

देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समारोह में सावित्रीबाई फुले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने 'वंदे मातरम्', 'वतन ये हमारा है प्यारा हिंदुस्तान', 'मिट्टी के बेटे', 'इक तेरा नाम है सांचा' और 'दिल दिया है, जान भी देंगे' जैसे देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया।

सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्राधिकरण की ओर से पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में जीएम वित्त स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी लवनीत कौर, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, डीजीएम विजय रावल, ग्रेटर नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू भड़ाना सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ओएसडी अर्चना द्विवेदी ने किया।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट कार्यालय में भी फहराया तिरंगा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्राधिकरण के कार्यालय में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। यहां एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने ओएसडी गुंजा सिंह एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में तिरंगा फहराया। इस दौरान देशभक्ति कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह में देश की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका का संदेश दिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sampoorn City News RNI-UPHIN/26/A3719 SAMPOORN CITY NEWS