यमुना एक्सप्रेसवे बस अग्निकांड: चालक-परिचालक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, हादसे में 9 लोगों की हुई थी मौत
संपूर्ण सिटी न्यूज के लिए तूलिका त्यागी की रिपोर्ट
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर 23 सितंबर 2026 की देर रात बस में आग लगने से हुए दर्दनाक हादसे के मामले में जेवर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस के दो चालकों और एक परिचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक हादसे में 9 लोगों की मौत हुई थी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में थाना जेवर पर मु0अ0सं0 319/2026 धारा 281, 125बी, 105, 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद बस के चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए थे।
साबोता अंडरपास से हुई गिरफ्तारी
जेवर पुलिस के अनुसार, घटना से संबंधित तीनों आरोपियों को 24 सितंबर 2026 को साबोता अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
1. पवन पुत्र विनोद, निवासी ग्राम कनपटियापुर, थाना रसूलाबाद, जिला कानपुर देहात — बस चालक
2. योगेश दीक्षित पुत्र श्रीकान्त दीक्षित, निवासी ग्राम पिनदारथु, थाना सिकंदरा, जिला कानपुर देहात — बस चालक
3. रोहित कुमार पुत्र राज कुमार, निवासी ग्राम अकबरपुर, जिला कानपुर देहात — बस परिचालक
दिल्ली से महोबा जा रही थी बस
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 23 सितंबर को वे बस संख्या BR 32 PA 8647 लेकर नई दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रहे थे। उनके मुताबिक बस में अचानक आग लग गई, जिसके बाद वे बस को छोड़कर मौके से भाग गए।
पुलिस के अनुसार संबंधित बस राज कल्पना ट्रैवल्स द्वारा मध्य प्रदेश से संचालित की जा रही थी, जबकि बस का पंजीकरण बिहार राज्य का था।
हादसे में 9 लोगों की हुई थी मौत
यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे में बस आग की चपेट में आ गई थी। आग लगने की घटना में 9 लोगों की मौत हुई थी। हादसे के बाद पुलिस और अन्य संबंधित टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया था।
अब पुलिस ने मामले में बस के चालक और परिचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0