मोबाइल/चेन स्नैचिंग व लूट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 5 छीने हुए मोबाइल, अवैध तमंचे और बाइक बरामद

Oct 2, 2026 - 17:27
 0  9
मोबाइल/चेन स्नैचिंग व लूट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 5 छीने हुए मोबाइल, अवैध तमंचे और बाइक बरामद

ब्यूरो नोएडा संपूर्ण सिटी न्यूज़ तूलिका त्यागी की रिपोर्ट 

ग्रेटर नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस को मोबाइल फोन/चेन स्नैचिंग एवं लूट की घटनाओं के मामले में बड़ी सफलता मिली है। थाना बिसरख पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से मोबाइल फोन/चेन स्नैचिंग व लूट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 छीने हुए मोबाइल फोन, जिनमें एक आईफोन-18 प्रो भी शामिल है, 2 अवैध देशी तमंचे .315 बोर, 2 जिंदा कारतूस, 2500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को थाना बिसरख पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों सलमान उर्फ सुहैल, अजाज उर्फ अज्जू उर्फ सोनू और नईम को 6% एरिया पार्क के पास से गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कब्जे से ये सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से छीने गए 04 आईफोन और 01 रीयलमी मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें आईफोन-18 प्रो, आईफोन-16, आईफोन-16 प्रो और एक अन्य आईफोन-16 शामिल हैं। इसके अलावा 2500 रुपये नकद, 3 सिल्वर पेपर फॉयल, बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल तथा दो अवैध देशी तमंचे .315 बोर मय एक-एक जिंदा कारतूस बरामद हुए।

चोरी-छिनैती का तरीका

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुनसान रास्तों पर घूमते हुए या ई-रिक्शा में बैठे लोगों को निशाना बनाते थे। मौका मिलने पर मोबाइल फोन छीनकर मोटरसाइकिल से फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार, सलमान उर्फ सुहेल मोटरसाइकिल चलाता था और अजाज पीछे बैठकर वारदात को अंजाम देता था।

पुलिस के मुताबिक, सलमान पिछले करीब तीन वर्षों से नोएडा में ऑटो चलाता था, जिसके कारण उसे क्षेत्र के रास्तों की जानकारी थी। आरोपी छीने हुए मोबाइल फोन नईम को बेचते थे, जो कथित रूप से इन मोबाइलों को दूसरे राज्यों, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और बिहार, में सप्लाई करता था।

आईफोन-18 प्रो भी छीना था

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 21 सितंबर 2026 को उन्होंने चेरी काउंटी सोसाइटी के पास एक महिला से आईफोन-18 प्रो मोबाइल फोन देखने के बहाने लिया और उसके बाद मोबाइल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मोबाइल को बरामद कर लिया है।

बिसरख थाने में दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा थाना बिसरख क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। इन घटनाओं के संबंध में थाना बिसरख में मु0अ0सं0 569/2026, 631/2026 और 687/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नईम का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध गाजियाबाद तथा गौतमबुद्धनगर में कई मुकदमे दर्ज हैं। प्रेस नोट में उसके विरुद्ध वर्ष 2015 से 2026 तक विभिन्न धाराओं में 25 मुकदमों का विवरण दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

1. सलमान उर्फ सुहेल, उम्र करीब 23 वर्ष, निवासी मोहल्ला जाटवान, थाना व कस्बा बीबीनगर, जिला बुलंदशहर।

2. अजाज उर्फ अज्जू उर्फ सोनू, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी मोहल्ला जाटवान, थाना बीबी नगर, जिला बुलंदशहर।

3. नईम, उम्र करीब 35 वर्ष, निवासी मोहल्ला वाजीगरान, डासना, थाना मसूरी, जिला गाजियाबाद; वर्तमान पता मोहल्ला मुंशीनगर, धोबीघाट, थाना पिलखुवा, जिला हापुड़।

पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 1
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sampoorn City News RNI-UPHIN/26/A3719 SAMPOORN CITY NEWS