मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
जिलाधिकारी ने प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को दिए समयबद्ध एवं सुचारू निर्वाचन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
गौतमबुद्धनगर, 28 सितंबर 2026। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को होगी तथा निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 से पहले पूर्ण कर ली जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा सभी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जाए।
मतदान कार्मिकों से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक हुई समीक्षा
बैठक के दौरान मतदान कार्मिकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, मतदाता सूची, मतदेय स्थलों की व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था, परिवहन, निर्वाचन सामग्री, लेखन सामग्री तथा मतपत्रों की उपलब्धता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
इसके अलावा प्रेक्षक व्यवस्था, वीडियोग्राफी एवं वेबकास्टिंग, रूट चार्ट, कम्युनिकेशन प्लान और डीईएमपी से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक व्यवस्था समय से पूरी कर उसकी अद्यतन स्थिति उपलब्ध कराई जाए।
दिव्यांग मतदाताओं और मतदान कार्मिकों की सुविधाओं पर भी जोर
बैठक में दिव्यांग मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाएं, मतदान कार्मिकों के लिए भोजन एवं यात्रा भत्ता, टेंट एवं फर्नीचर व्यवस्था, गोदरेज टाइप बैलेट बॉक्स, कंट्रोल रूम की स्थापना एवं संचालन तथा चिकित्सा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें और निर्वाचन ड्यूटी में तैनात कार्मिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। परिवहन व्यवस्था एवं रूट चार्ट को प्रभावी ढंग से तैयार करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि मतदान कार्मिकों और निर्वाचन सामग्री का आवागमन निर्धारित समय के अनुसार सुनिश्चित किया जाए।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता के निर्देश
जिलाधिकारी ने कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अपने-अपने विभाग से संबंधित तैयारियों की नियमित समीक्षा करते रहें।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि निर्वाचन से संबंधित किसी भी समस्या अथवा आवश्यकता की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय, डिप्टी कलेक्टर/प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0