नोएडा में छठ पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट, डीसीपी सेंट्रल ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
संपूर्ण सिटी न्यूज़, ब्यूरो रिपोर्ट नोएडा – ईशा यादव
गौतमबुद्धनगर। आगामी छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में सेंट्रल नोएडा जोन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों ने समीक्षा बैठक की। बैठक में छठ पूजा स्थलों और घाटों पर सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह एवं अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सेंट्रल जोन के समस्त सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) और थाना प्रभारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित छठ पूजा स्थलों और घाटों का पहले से निरीक्षण करें। साथ ही पूजा आयोजकों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कराएं, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
घाटों पर तैनात रहेगा पर्याप्त पुलिस बल
पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि छठ पूजा के दौरान घाटों और पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। इसके साथ ही नियमित पुलिस गश्त, प्रभावी निगरानी और भीड़ नियंत्रण की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था पर भी रहेगा विशेष फोकस
छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पूजा स्थलों के आसपास वाहनों की आवाजाही और पार्किंग को व्यवस्थित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की दिक्कत न हो।
इसके अलावा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने और असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ पूजा पर्व को आपसी समन्वय, सतर्कता और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करें, ताकि छठ पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0