नशीला पदार्थ खिलाकर घर में चोरी करने वाली आरोपी महिला गिरफ्तार, 34,190 रुपये बरामद

Aug 23, 2026 - 18:34
 0  7
नशीला पदार्थ खिलाकर घर में चोरी करने वाली आरोपी महिला गिरफ्तार, 34,190 रुपये बरामद

BUREAU REPORT : HEMANT GUPTA


गाजियाबाद।
थाना साहिबाबाद पुलिस ने घर में नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी की घटना को अंजाम देने वाली आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 34,190 रुपये नकद, एक पैन कार्ड और एक पासपोर्ट स्लिप बरामद की है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

करीब 7 लाख रुपये चोरी करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 18 अगस्त 2026 को नीलमणी कॉलोनी, हज हाउस निवासी दिलशाद पुत्र मुरसलीन ने थाना साहिबाबाद में शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके मकान में किराये पर रहने वाली आयशा पुत्री सलीम ने अपने साथियों अनस, खलील, निशा आदि के साथ मिलकर परिवार का विश्वास हासिल किया और खीर में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें खिला दिया।

खीर खाने के बाद परिवार के लोग नशे की हालत में हो गए। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने घर में रखे करीब 7 लाख रुपये चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर थाना साहिबाबाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की।

चेकिंग के दौरान आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को थाना साहिबाबाद पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तथा वांछित आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी आयशा (करीब 20 वर्ष) को रेलवे अंडरपास, बालाजी विहार, पुस्ता रोड, थाना साहिबाबाद क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 34,190 रुपये, एक पैन कार्ड और एक पासपोर्ट स्लिप बरामद हुई।

पूछताछ में बताई पूरी साजिश

पुलिस की पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह शिकायतकर्ता दिलशाद के मकान में किराये पर रहती थी। उसके साथी अनस ने पैसों का लालच देकर उसे बताया कि मकान मालिक के पास काफी रुपये हैं और वह उन पर विश्वास करते हैं।

आरोप के अनुसार, अनस ने उसे एक पुड़िया में नशीला पदार्थ दिया और परिवार को खाने में मिलाकर खिलाने के लिए कहा, ताकि आसानी से घर में चोरी की जा सके। आरोपी महिला ने उक्त पदार्थ खीर में मिलाकर परिवार के सदस्यों को खिला दिया। सभी के बेहोश होने के बाद उसने अनस और उसके दो अन्य साथियों के साथ मिलकर घर में चोरी की।

पुलिस के मुताबिक, चोरी की रकम का हिस्सा बांटे जाने के बाद अनस ने आरोपी महिला को रुपये दिए थे।

ये आरोपी हैं वांछित

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल निम्न आरोपी अभी वांछित हैं—

  1. अनस पुत्र अनीश
  2. निशा पत्नी अनीश
  3. मुस्कान पुत्री अनीश
  4. खलील पुत्र शहीद

पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

बरामदगी

  • 34,190 रुपये नकद
  • 01 पैन कार्ड
  • 01 पासपोर्ट स्लिप

गिरफ्तार आरोपी आयशा के विरुद्ध थाना साहिबाबाद में नशीला पदार्थ खिलाकर घर में चोरी करने के संबंध में एक अभियोग पंजीकृत है। पुलिस द्वारा उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम: थाना साहिबाबाद पुलिस टीम, कमिश्नरेट गाजियाबाद।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sampoorn City News RNI-UPHIN/26/A3719 SAMPOORN CITY NEWS