चार मूर्ति अंडरपास की धीमी रफ्तार के खिलाफ नेफोमा का प्रदर्शन, जल्द निर्माण पूरा करने की मांग

Aug 23, 2026 - 18:48
 0  10
चार मूर्ति अंडरपास की धीमी रफ्तार के खिलाफ नेफोमा का प्रदर्शन, जल्द निर्माण पूरा करने की मांग

BUREAU REPORT SAMPOORN CITY NEWS HARENDRA SHARMA

ग्रेटर नोएडा वेस्ट, 23 अगस्त 2026। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या और चार मूर्ति चौक पर निर्माणाधीन अंडरपास के धीमे निर्माण के विरोध में नेफोमा ने रविवार को चार मूर्ति चौक पर सांकेतिक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नेफोमा पदाधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अंडरपास का निर्माण जल्द पूरा कराने और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुचारु करने की मांग उठाई।

नेफोमा अध्यक्ष अन्नू ख़ान ने कहा कि नोएडा एक्सटेंशन की आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन उसके अनुरूप यातायात व्यवस्था विकसित नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि चार मूर्ति चौक पर लगने वाला जाम अब रोजमर्रा की गंभीर समस्या बन चुका है। सामान्य परिस्थितियों में मिनटों में पूरा होने वाला सफर कई बार घंटों में बदल जाता है, जिससे नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि चार मूर्ति चौक पर बनने वाला अंडरपास क्षेत्र की ट्रैफिक समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद था, लेकिन निर्माण में देरी के कारण लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। नेफोमा के अनुसार अंडरपास का निर्माण वर्ष 2024 में शुरू हुआ था और इसकी समयसीमा को लेकर कई बार अलग-अलग तिथियां सामने आई हैं। संगठन ने अब प्राधिकरण से स्पष्ट और अंतिम उद्घाटन तिथि घोषित करने की मांग की है।

निर्माण लागत और देरी की जांच की मांग

नेफोमा अध्यक्ष अन्नू ख़ान ने अंडरपास की निर्माण लागत को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परियोजना की लागत प्रारंभिक तौर पर करीब 60 करोड़ रुपये बताई गई थी, जो बाद में बढ़कर लगभग 92 करोड़ रुपये हो गई। उन्होंने सरकार से निर्माण लागत में हुई वृद्धि और निर्माण में देरी के कारणों की जांच कराने की मांग की।

नेफोमा संगठन मंत्री कृष्णा नंद ने बताया कि करीब 720 मीटर लंबे अंडरपास की मूल निर्माण समयसीमा 18 महीने रखी गई थी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान किए गए डायवर्जन और संकरी सड़कों के कारण चार मूर्ति चौक तथा आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव और बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि जाम की समस्या केवल आम वाहन चालकों तक सीमित नहीं है, बल्कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी इसका सामना करना पड़ता है। ऐसे में गंभीर परिस्थितियों में लंबे समय तक ट्रैफिक में फंसना चिंता का विषय है।

स्थानीय व्यापार और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित

नेफोमा कोषाध्यक्ष उमेश सिंह ने कहा कि चार मूर्ति चौक और आसपास के मार्गों पर यातायात की स्थिति लगातार गंभीर हो रही है। जाम के कारण स्थानीय व्यापार, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और किरायेदारों की रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में समस्या और गंभीर हो सकती है।

नेफोमा ने रखीं प्रमुख मांगें

नेफोमा ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से अंडरपास का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा कराने के साथ उसकी अंतिम उद्घाटन तिथि सार्वजनिक करने की मांग की। संगठन ने निर्माण स्थल पर पर्याप्त संसाधन और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने, निर्माण पूरा होने तक वैकल्पिक मार्गों एवं सर्विस रोड की यातायात व्यवस्था सुधारने तथा एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों के लिए निर्बाध कॉरिडोर उपलब्ध कराने की मांग की।

इसके अलावा चार मूर्ति चौक से तिगड़ी गोलचक्कर तक सर्विस रोड के चौड़ीकरण और सुधार का कार्य भी समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मांग की गई। नेफोमा के अनुसार, प्राधिकरण की ओर से इस सर्विस रोड को 5.50 मीटर से बढ़ाकर 10.50 मीटर करने की योजना बताई गई थी।

नेफोमा अध्यक्ष अन्नू ख़ान ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं बल्कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों की यातायात संबंधी समस्या को लेकर सांकेतिक चेतावनी है। उन्होंने कहा कि यदि अंडरपास निर्माण की गति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो नेफोमा स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर आगे की रणनीति तय करेगा।

प्रदर्शन में नेफोमा अध्यक्ष अन्नू ख़ान, संगठन मंत्री कृष्णा नंद, कोषाध्यक्ष उमेश सिंह, नितिन राणा, पंकज शर्मा, राहुल यादव और संतोष सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sampoorn City News RNI-UPHIN/26/A3719 SAMPOORN CITY NEWS