गौतम बुद्ध नगर यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में विद्यार्थियों की बढ़ेगी भागीदारी, क्विज और बैटल ऑफ द बैंड्स प्रतियोगिता का होगा आयोजन

Sep 21, 2026 - 20:26
 0  18
गौतम बुद्ध नगर यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में विद्यार्थियों की बढ़ेगी भागीदारी, क्विज और बैटल ऑफ द बैंड्स प्रतियोगिता का होगा आयोजन

संपूर्ण सिटी न्यूज़ ब्यूरो रिपोर्ट नोएडा तूलिका त्यागी

नोएडा, 21 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में स्कूल-कॉलेजों के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होने वाले ट्रेड शो में विद्यार्थियों और आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों से कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ट्रेड शो में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए। विद्यार्थियों के लिए क्विज और ‘बैटल ऑफ द बैंड्स’ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा विद्यार्थियों को विभिन्न टास्क दिए जाएंगे और उन्हें पूरा करने वाले छात्रों को ‘ट्रेड एक्सपो पासपोर्ट’ प्रदान किया जाएगा।

करियर काउंसलिंग से मिलेंगे रोजगार और करियर के विकल्प

ट्रेड शो में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग के विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न करियर विकल्पों से जुड़े स्टॉल भी लगाए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक, विद्यार्थियों को उद्योग, व्यापार, नई तकनीक, रोजगार और करियर के अवसरों को करीब से समझने का मौका मिलेगा।

यूपी की क्राफ्ट, कल्चर और कुजीन को मिलेगा मंच

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के माध्यम से प्रदेश की क्राफ्ट, कल्चर और कुजीन को व्यापक मंच दिया जाएगा। एक ही स्थान पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। ODOP के तहत स्थानीय हस्तशिल्प, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने का अवसर मिलेगा।

ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति, परंपराओं और खान-पान की झलक भी देखने को मिलेगी। आयोजन के जरिए स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने, MSME और स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने तथा उद्यमियों को नए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।

विद्यार्थियों के आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्कूल-कॉलेजों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने और विद्यार्थियों के आवागमन के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। इसके लिए नोडल अधिकारी नामित करने को भी कहा गया।

इसके साथ ही ट्रेड शो के विभिन्न कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, वीवीआईपी, वीआईपी, आरडब्ल्यूए, विभिन्न एसोसिएशनों, उद्यमियों और अन्य हितधारकों को समय से आमंत्रित कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, विद्यार्थियों, शिक्षण संस्थानों, उद्यमियों और विभिन्न संगठनों से बड़ी संख्या में ट्रेड शो में पहुंचने का आह्वान किया, ताकि वे उत्तर प्रदेश के हुनर, उत्पादों, संस्कृति और उद्योग जगत से जुड़कर उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय, डिप्टी कलेक्टर अरूण कुमार एवं पूर्वा शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पाण्डेय, इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा के सीईओ सुदीप सरकार सहित संबंधित अधिकारी और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sampoorn City News RNI-UPHIN/26/A3719 SAMPOORN CITY NEWS