गौतमबुद्धनगर पुलिस ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चलाया सुरक्षा जांच अभियान, फुट पेट्रोलिंग कर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
संपूर्ण सिटी न्यूज़ प्रियंका पांडे ब्यूरो रिपोर्ट नोएडा
नोएडा। जनपद गौतमबुद्धनगर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार पुलिस अधिकारियों ने थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के अंतर्गत बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
डीसीपी सेन्ट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 सेन्ट्रल नोएडा श्रीमती दीक्षा सिंह ने पुलिस बल के साथ विभिन्न बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए स्थानीय लोगों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों के आसपास पुलिस की सतर्कता सुनिश्चित की।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान एसीपी-1 ने संबंधित थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर उचित बैरीकेडिंग लगाई जाए। साथ ही संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की गहनता से चेकिंग की जाए तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनपद में शांति, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए नियमित फुट पेट्रोलिंग, वाहन चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी का अभियान लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0