गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक: यक्ष ऐप की मदद से टप्पेबाजी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, लैपटॉप और 1.70 लाख रुपये बरामद

Nov 20, 2026 - 16:15
 0  30
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक:  यक्ष ऐप की मदद से टप्पेबाजी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, लैपटॉप और 1.70 लाख रुपये बरामद

Sampoorn City News Hemant Gupta

गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने टप्पेबाजी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एक लैपटॉप, एक बैग, 1 लाख 70 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यक्ष ऐप की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

ऐसे दिया था वारदात को अंजाम

पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 को अलीगढ़ के गांव परौर निवासी सौरभ कुमार ने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 12 नवंबर को वह थाना क्षेत्र स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर मौजूद था। इसी दौरान एक युवक ने अपनी मजबूरी बताकर उससे फोन पर बात करने के लिए मोबाइल मांगा। जैसे ही पीड़ित ने उसे मोबाइल दिया, आरोपी फोन लेकर भागने लगा। पीड़ित ने उसका पीछा किया तो उसके दूसरे साथी ने मौके का फायदा उठाकर पीड़ित का बैग उठा लिया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित के बैग में लैपटॉप, एटीएम कार्ड और 40 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। आरोपियों ने पीड़ित के एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर रुपये भी निकाल लिए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 303(2)/318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से यक्ष ऐप के जरिए हुई पहचान

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्धों के चेहरे सामने आने के बाद पुलिस ने यक्ष ऐप के माध्यम से उनकी पहचान की। आरोपियों की पहचान रविन्द्र उर्फ बौना और लक्की के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई।

तिगरी गोल चक्कर के पास से गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर 2026 की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने तिगरी गोल चक्कर के पास, अंबुज सिटी के पीछे से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात से संबंधित एक बैग, एक लैपटॉप, 1 लाख 70 हजार रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 12 नवंबर को एचपी पेट्रोल पंप के पास पीड़ित को अपनी बातों में फंसाकर उसका मोबाइल लिया था। आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़ित से उसका यूपीआई पिन भी पूछ लिया था और उसके खाते से 15 हजार रुपये निकलवाए थे।

इसके बाद दोनों आरोपी मोबाइल और बैग लेकर फरार हो गए। बैग में मिले लैपटॉप को उन्होंने बेचने के इरादे से अपने पास रख लिया, जबकि अन्य सामान रास्ते में फेंक दिया। आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़ित के यूपीआई पिन का इस्तेमाल कर पेट्रोल पंप, जनसेवा केंद्र और अन्य स्थानों पर लोगों को अपनी झूठी मजबूरी बताकर उनके खातों में रकम ट्रांसफर करवाई और बदले में नकद रुपये ले लिए।

पूछताछ में आरोपियों ने करीब 2 लाख 80 हजार रुपये की रकम निकालने की बात स्वीकार की। दोनों के हिस्से में लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये आए थे। कुछ रकम खर्च करने के बाद 1 लाख 70 हजार रुपये उनके पास बचे हुए थे। यूपीआई बंद होने के बाद आरोपियों ने मोबाइल फोन भी रास्ते में फेंक दिए थे।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

  1. रविन्द्र उर्फ बौना पुत्र जयप्रकाश, निवासी गिरधारी नगर, थाना हापुड़ देहात, जनपद हापुड़, उम्र करीब 32 वर्ष।

  2. लक्की पुत्र पिंटू, निवासी गिरधारी नगर, थाना हापुड़ देहात, जनपद हापुड़, उम्र करीब 19 वर्ष।

आरोपी रविन्द्र का आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, रविन्द्र उर्फ बौना के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से चार अन्य मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हापुड़ नगर और गाजियाबाद के सिहानी गेट थाने में टप्पेबाजी, हापुड़ देहात में बिजली चोरी तथा गौतमबुद्धनगर के सेक्टर-63 थाने में आबकारी अधिनियम से संबंधित मुकदमा शामिल है। वर्तमान मामले को मिलाकर उसके खिलाफ कुल पांच मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम की कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई को थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

संपूर्ण सिटी न्यूज़ | गाजियाबाद

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sampoorn City News RNI-UPHIN/26/A3719 SAMPOORN CITY NEWS