ईकोटेक-3 में बच्ची की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, हेड कांस्टेबल घायल

Aug 29, 2026 - 19:27
 0  5
ईकोटेक-3 में बच्ची की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, हेड कांस्टेबल घायल

हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कराने के दौरान आरोपी ने झाड़ियों में छिपाई पिस्टल से पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

गौतमबुद्धनगर, 29 अगस्त 2026।
थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अभियुक्त बलराज पुत्र खेमचंद को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य माध्यमों से की गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त चाकू को डी पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में झाड़ियों में छिपाए जाने की जानकारी दी।

पुलिस टीम आरोपी बलराज को साथ लेकर चाकू की बरामदगी के लिए बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गाड़ी से उतरकर कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों से चाकू निकालकर बरामद कराया। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर झाड़ियों में पहले से छिपाई गई एक .32 बोर की पिस्टल उठा ली और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस के मुताबिक, फायरिंग में थाना ईकोटेक-3 में तैनात हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी बलराज गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल हेड कांस्टेबल रवि कुमार और आरोपी बलराज को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने आरोपी बलराज को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल मुख्य आरक्षी रवि कुमार का उपचार जारी है।

आरोपी के कब्जे से हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार, मृत आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, तीन खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा हत्या की घटना में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने बरामद किया है।

पुलिस द्वारा आरोपी बलराज के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के संबंध में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और बरामदगी के आधार पर आगे की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sampoorn City News RNI-UPHIN/26/A3719 SAMPOORN CITY NEWS