आगामी त्योहारों को लेकर सेंट्रल नोएडा पुलिस अलर्ट, अधिकारियों को दिए सुरक्षा के निर्देश
ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने आगामी त्योहारों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए गोष्ठी आयोजित की।
गोष्ठी में एडीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री स्वतंत्र कुमार सिंह सहित सेंट्रल नोएडा जोन के सभी एसीपी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने नियमित पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च करने के साथ स्थानीय नागरिकों और शांति समिति के सदस्यों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही प्रतिदिन संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग, होटल-गेस्ट हाउस तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया गया। इसके अलावा रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने और अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के दौरान जनपद में शांति, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0